
धान खरीदी लिमिट कम होने से किसानों का फूटा गुस्सा: मुख्य मार्ग पर किया चक्का जाम, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
सुकमा : जिले के गादीरास धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी की लिमिट कम किए जाने से नाराज किसानों का आक्रोश शुक्रवार को सड़कों पर दिखाई दिया। किसानों ने सुकमा से दंतेवाड़ा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि खेती के लिए उन्होंने बैंकों से कर्ज लिया है। खाद, बीज, दवा और मजदूरी पर भारी खर्च करने के बावजूद धान खरीदी केंद्र में प्रतिदिन केवल 600 क्विंटल धान की ही खरीदी की जा रही है। इस धीमी प्रक्रिया के चलते बड़ी संख्या में किसान सरकार की धान खरीदी योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
लिमिट और समय बढ़ाने की मांग
किसानों के अनुसार, पिछले वर्ष गादीरास धान खरीदी केंद्र में लगभग 40 हजार क्विंटल धान की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक सिर्फ 5 हजार क्विंटल धान ही खरीदा जा सका है। किसानों का कहना है कि खरीदी की रफ्तार नहीं बढ़ाई गई तो उनका धान केंद्रों में बिक ही नहीं पाएगा किसानों ने एक स्वर में मांग की कि धान खरीदी की दैनिक लिमिट बढ़ाई जाए, खरीदी की अवधि में इजाफा किया जाए और जरूरत पड़ने पर खरीदी के महीने को भी आगे बढ़ाया जाए, ताकि सभी किसानों का धान खरीदा जा सके।

प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही गादीरास पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। गादीरास तहसीलदार ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रशासनिक भरोसे के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया, जिससे यातायात बहाल हो सका। हालांकि किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो वे दोबारा उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



