
फर्नीचर फैक्ट्री आगजनी में घायल सुपरवाइजर की मौत
बिलासपुर। सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में हुई भीषण आगजनी की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। आग इतनी भयावह थी कि फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
आगजनी में फंसे सुपरवाइजर की इलाज के दौरान मौत
घटना मंगलवार (23 दिसंबर) दोपहर की है। आग लगने के दौरान फैक्ट्री के अंदर एक सुपरवाइजर फंस गया था। वह किसी तरह जलते हुए बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे तत्काल रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दूसरा मजदूर भी नहीं बच सका
आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर एक अन्य मजदूर भी मौजूद था, जो बाहर नहीं निकल पाया। देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। अगले दिन उसकी जानकारी मिलने पर उसे भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में कुल दो लोगों की जान चली गई।
मोटर की चिंगारी से टैंकर तक पहुंची आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लगी एक मोटर से निकली चिंगारी पास में रखे तारपीन तेल के टैंकर तक पहुंच गई, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।

ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग ने लिया भयावह रूप
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में लकड़ी पॉलिश और अन्य कार्यों के लिए बड़ी मात्रा में ज्वलनशील तारपीन तेल संग्रहित किया गया था। इसी तेल के लिए एक बड़ा टैंकर बनाया गया था। मंगलवार दोपहर अचानक टैंकर से धुआं उठता दिखा और कुछ ही क्षणों में आग तेजी से फैल गई।
ड्रोन शॉट से सामने आई भयावह तस्वीरें
हादसे के बाद आगजनी के ड्रोन शॉट भी सामने आए हैं, जिनमें आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है। फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया है।
जांच में जुटी प्रशासन और पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



