
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह: बेटे ने हंसिया से किया पिता पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र से एक गंभीर और दुखद आपराधिक मामला सामने आया है, जहां पिता-पुत्र के बीच हुए आपसी विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 दिसंबर 2025 को वार्ड क्रमांक-04 कोढ़ीपारा, डीडी नगर गोबरा नवापारा निवासी संतोष साहू (42 वर्ष) और उसके पुत्र राहुल साहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान राहुल साहू ने आवेश में आकर धारदार लोहे की हंसिया से पिता पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे संतोष साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में उन्हें पहले CHC गोबरा नवापारा में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 13 दिसंबर 2025 की रात लगभग 2 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
इन धाराओं में मामला दर्ज
मर्ग जांच, गवाहों के बयान, शव पंचनामा और डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 481/2025, धारा 103 BNS के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान आरोपी राहुल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार किया।

हथियार जब्त
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे की हंसिया (लकड़ी के बेट सहित) और खून से सना जैकेट जब्त किया गया। इसके बाद राहुल साहू (21 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर रायपुर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



