
पीएम आवास योजना में फर्जी रिपोर्टिंग: 4 आवास मित्र और 1 रोजगार सहायक बर्खास्त, कई अधिकारियों को नोटिस
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण की गलत रिपोर्टिंग सामने आने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत गरियाबंद के सीईओ ने 4 ग्राम पंचायतों के आवास मित्रों और एक ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

जिला स्तरीय टीम की जांच में पाया गया कि कई लाभार्थियों के अपूर्ण आवासों को जियोटैगिंग के माध्यम से पूर्ण दिखाया गया था। टीम ने खजूरपदर, उसरीजोर, सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी, मुचबहाल और धोबनमाल पंचायतों में निरीक्षण कर अनियमितताओं की पुष्टि की।

कारण बताओ नोटिस जारी
प्रशासन ने लापरवाही को गंभीर मानते हुए जनपद पंचायत मैनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के विकासखंड समन्वयक, मनरेगा के तकनीकी सहायक, और संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच व सचिवों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निगरानी प्रणाली को और सख्त किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



