
रायपुर में जोमैटो डिलीवरी बॉय की सुरक्षा पर जोर, ट्रैफिक पुलिस ने 105 को बांटे हेलमेट
रायपुर। सड़क सुरक्षा माह के तहत रायपुर यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। 15वें दिन यातायात जागरूकता अभियान की कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने शहर में सक्रिय जोमैटो डिलीवरी बॉय को हेलमेट वितरण कर सुरक्षित वाहन चालन का संदेश दिया। इस दौरान हेलमेट रैली निकालकर आम लोगों को भी हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर और गुरजीत सिंह ने डिलीवरी बॉय को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

चौंकाने वाले आंकड़े: 2025 में 621 मौतें
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 621 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 429 मौतें दोपहिया वाहन चालकों और सवारों की थीं। वहीं 988 लोग घायल हुए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर मामलों में मौत का कारण सिर में गंभीर चोट रहा, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक टाला जा सकता था।

डिलीवरी की जल्दबाजी बन रही हादसों की वजह
यातायात पुलिस ने कहा कि जोमैटो डिलीवरी बॉय शहर के यातायात का अहम हिस्सा हैं, लेकिन समय पर डिलीवरी की जल्दबाजी में कई बार तेज रफ्तार और असुरक्षित ड्राइविंग करते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस ने डिलीवरी बॉय से अपने जीवन और परिवार की जिम्मेदारी समझते हुए हर हाल में हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की।

कंपनी ने आगे बढ़ाया हाथ, फ्री हेलमेट वितरण
जोमैटो रायपुर के सीईओ अभिमन्यु गोयल और एरिया लीडर मयंक शर्मा के सहयोग से 105 जोमैटो डिलीवरी बॉय को निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए। अधिकारियों ने बताया कि वितरित किए गए हेलमेट में ब्लूटूथ सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हेलमेट रैली से दिया सुरक्षा का संदेश
सभी जोमैटो डिलीवरी बॉय को हेलमेट पहनाकर यातायात कार्यालय से कालीबाड़ी–सिद्धार्थ चौक–पचपेड़ी नाका चौक तक हेलमेट रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



