
धान खरीदी केंद्र पर हाथियों का हमला, रायगढ़ में रात के अंधेरे में 15 बोरी धान किया चट
रायगढ़। जिले के बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में इन दिनों हाथियों का आतंक किसानों और कर्मचारियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। बीते दो दिनों में हाथियों के एक दल ने रात के अंधेरे में खरीदी केंद्र में घुसकर करीब 15 बोरी धान खा ली, जबकि कई अन्य बोरियों को फैलाकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। इस घटना से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

रात में केंद्र में घुसे हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात हाथियों का झुंड खरीदी केंद्र परिसर में दाखिल हुआ। खुले में रखे धान को देखकर हाथी केंद्र के भीतर पहुंचे और बोरियों को उठाकर धान खाने लगे। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई
CCTV का वीडियो वायरल
पूरी घटना धान खरीदी केंद्र में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से भी हाथियों के उत्पात का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथियों को बेखौफ होकर धान की बोरियों को नुकसान पहुंचाते देखा जा सकता है।

धान खरीदी शुरू होते ही बढ़ी आवाजाही
ग्रामीणों का कहना है कि धान खरीदी शुरू होने के बाद से ही इलाके में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है। केंद्र के आसपास वन क्षेत्र होने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण हाथी आसानी से परिसर में प्रवेश कर जा रहे हैं। इससे किसानों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



