
छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक, चार जिलों में अलग-अलग घटनाओं में 4 की मौत
बिलासपुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक कोरिया, कोरबा, रायगढ़ और गरियाबंद में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। जंगलों में भटक रहे हाथियों के लगातार हमलों से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।

कोरिया:
बैकुंठपुर वन परिक्षेत्र में रात करीब 11 बजे 11 हाथियों के झुंड ने एक बुजुर्ग की झोपड़ी तोड़ दी। बुजुर्ग जान बचाने के लिए बाहर भागा तो हाथियों ने पीछा कर उसे कुचलकर मार डाला।

कोरबा:
करतला परिक्षेत्र में एक हाथी ने मानसिक रूप से बीमार युवक को कुचल दिया। सामने आए वीडियो में ग्रामीण हाथियों पर पत्थर फेंकते दिख रहे हैं। इससे उग्र हुए हाथियों ने पलटकर ग्रामीणों को दौड़ा लिया।
रायगढ़:
बाकारूमा रेंज में हाथी के हमले से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उनका पति नदी के बीच पत्थर के पीछे छिपकर किसी तरह बच निकला। पति-पत्नी खेत के पास झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और सोते वक्त हमला हुआ।

गरियाबंद:
यहां एक बीमार हाथी ने आधी रात टॉयलेट के लिए निकले ग्रामीण को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और कुचलकर मार डाला। ग्रामीण झोपड़ी गिरने की आवाज सुनकर बाहर निकला था, तभी हमला हो गया। लगातार हो रही घटनाओं से चारों जिलों के कई गांवों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं, लेकिन हाथियों के मानव बस्तियों में घुसने की घटनाएं नहीं थम रही हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



