February 1, 2026
Korba : एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह, युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या

Korba : एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह, युवती की गला रेतकर निर्मम हत्या

Jan 17, 2026

कोरबा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एकतरफा प्रेम का दर्दनाक अंजाम सामने आया है। यहां एक युवक ने युवती की गला रेतकर हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद बेफिक्र होकर सोने चला गया। पुलिस ने आरोपी को सोते समय ही गिरफ्तार कर लिया।

फोन पर विवाद के बाद घर पहुंचकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, मृतका रानू साहू (23 वर्ष) और आरोपी राहुल जोगी (26 वर्ष) एक-दूसरे को पहले से जानते थे। रानू राहुल से एकतरफा प्रेम करती थी और लगातार उसे फोन कर अपने प्यार का इजहार कर रही थी। राहुल ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था, लेकिन इसके बावजूद रानू लगातार उसे फोन कर परेशान कर रही थी। 16 जनवरी की शाम रानू और राहुल के बीच फोन पर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर राहुल गुस्से में रानू के घर पहुंच गया और धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।

परिवार के लौटने पर सामने आई वारदात

घटना के समय रानू घर पर अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने रानू को फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम ने निभाई अहम भूमिका

सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

सोते वक्त आरोपी गिरफ्तार

हत्या के बाद आरोपी राहुल जोगी फरार होकर हरदीबाजार–दीपका रोड पर खड़ी अपनी ट्रक के पास चला गया और वहीं सो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी को ट्रक के पास से ही गिरफ्तार कर लिया।


मजदूर परिवार की इकलौती बेटी थी मृतका

मृतका रानू साहू अपने पिता रामकुमार साहू की इकलौती बेटी थी। रामकुमार साहू रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix