
रायपुर में कमिश्नर राज का असर: डीसीपी और एसीपी ने सड़कों पर ली पैदल पेट्रोलिंग, सड़कों से हटाया अतिक्रमण
रायपुर | राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस ने सड़कों पर उतरकर अपनी ताकत दिखाई है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के दिशा-निर्देशों के तहत रविवार को मध्य जोन (Middle Zone) में ‘विजिबल पुलिसिंग’ अभियान चलाया गया। डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की भारी टीम ने शहर के व्यस्ततम बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग की और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया।
जयस्तंभ चौक से कालीबाड़ी तक सघन तलाशी
रविवार शाम को शुरू हुआ यह अभियान शहर के मुख्य व्यापारिक और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा । पैदल पेट्रोलिंग जयस्तंभ चौक से शुरू होकर मालवीय रोड, एवरग्रीन चौक, बैजनाथपारा, कोतवाली, सदर बाजार, तात्यापारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और चांदनी चौक होते हुए कालीबाड़ी तक पहुंची।

यातायात में बाधा पर सख्ती: सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि वे यातायात बाधित न करें। दुकानों के बाहर अव्यवस्थित ढंग से रखे सामान को पुलिस ने मौके पर ही हटवाया और दुकानदारों को नियम पालन की समझाइश दी। बिना नंबर वाले वाहनों पर कार्रवाई: चेकिंग के दौरान ऐसी गाड़ियां जिन पर नंबर प्लेट नहीं थी या संदिग्ध थीं, उन्हें जब्त कर सीधे थाने भेजा गया।
चाकूबाजों और अड्डेबाजों की खैर नहीं
पुलिस ने शराब भट्टियों के आसपास विशेष अभियान चलाकर वहां जमघट लगाने वाले असामाजिक तत्वों की तलाशी ली। विशेष रूप से चाकूबाजों और पुराने अपराधियों पर नजर रखी गई। संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई और उन्हें हिदायत दी गई कि क्षेत्र में शांति भंग करने की कोशिश न करें।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान
इस मेगा अभियान में DCP उमेश प्रसाद गुप्ता के साथ एडिशनल DCP तारकेश्वर पटेल, ACP दीपक मिश्रा (कोतवाली), ACP रमाकांत साहू (सिविल लाइन) और तेलीबांधा, सिविल लाइन व कोतवाली के थाना प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और अपराधियों में कानून का खौफ बनाए रखना है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



