
ED ने गंजाम में अवैध खनन माफिया पर बड़ा छापा मारा, करोड़ों की नकदी जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के भुवनेश्वर जोनल ऑफिस ने शुक्रवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत ओडिशा के गंजाम जिले में अवैध रेत और ब्लैक स्टोन (लघु खनिजों) की खुदाई तथा बिक्री में लिप्त माफियाओं के कई ठिकानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में अब तक 2.5 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है, जबकि छापेमारी अभी भी जारी है।
20 से अधिक स्थानों पर सर्च ऑपरेशन
ईडी की टीम ने माफियाओं, उनके व्यापारिक साझेदारों, दलालों तथा गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों के 20 से अधिक ठिकानों पर छापे मारे। इनमें वे बाहुबली और प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं, जो अपनी ताकत का इस्तेमाल कर स्थानीय लोगों को डराकर-धमकाकर अवैध खनन करवा रहे थे। छापेमारी के दौरान एक अलमारी से कई करोड़ रुपये की नकदी, हाई-एंड बेनामी वाहन तथा अचल संपत्तियों, समझौतों और खनन पट्टों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त किया जाएगा।

सीएजी रिपोर्ट ने खोला अवैध खनन का पर्दाफाश
ईडी ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि गंजाम जिले की रुशिकुल्या, बहुड़ा और बड़ा नदियों के किनारों पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा है। ईडी ने कहा कि आरोपी माफियाओं के बीच गहरा व्यापारिक संबंध है और वे अवैध तरीके से भारी मात्रा में कमाई कर रहे हैं।
राजनीतिक कनेक्शन की आशंका
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि ईडी की जांच में जिन माफियाओं के नाम सामने आए हैं, वे प्रमुख राजनीतिक दलों से जुड़े हुए हैं। इनमें गंजाम जिले के एक प्रमुख बीजद नेता का नाम भी सामने आया है। ईडी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।
जारी है कार्रवाई
ईडी के प्रवक्ता ने बताया कि छापेमारी अभी पूरी नहीं हुई है। नकदी की सटीक राशि और अन्य विवरण जांच समाप्त होने के बाद ही सार्वजनिक किए जाएंगे। यह कार्रवाई ओडिशा में अवैध खनन के खिलाफ केंद्र सरकार की सख्त नीति का हिस्सा बताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



