
ई-रिक्शा बैटरी चोर गिरोह का भंडाफोड़: 2 अंतर्राज्यीय चोरों समेत 5 गिरफ्तार, 8.55 लाख का माल जप्त
रायपुर। राजधानी रायपुर के वेस्ट जोन (DCP West) इलाके में सक्रिय ई-रिक्शा और बैटरी चोरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगठित रूप से काम करने वाले एक गिरोह को दबोचा है, जिसमें चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले (क्रेता) भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के दो शातिर चोर भी शामिल हैं।

केस 01: डी.डी. नगर – शराब दुकान के बाहर से चोरी
29 जनवरी को रायपुरा निवासी राहुल कोपुलवार का ई-रिक्शा सरोना शराब दुकान के बाहर से चोरी हो गया था। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टीकाराम यादव को पकड़ा। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह शहर में घूम-घूमकर बैटरियां चोरी करता था और उन्हें पुरानी बस्ती के राहुल पाल को बेच देता था। पुलिस ने इनके पास से ई-रिक्शा, 16 बैटरियां और 2 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
केस 02: आज़ाद चौक – रात के अंधेरे में हाथ साफ
आज़ाद चौक इलाके में घर के सामने खड़े ई-रिक्शा से 4 बैटरियां चोरी हुई थीं। इस मामले में पुलिस ने रमजान खान और अकरम खान (दोनों निवासी हमीरपुर, यूपी) को गिरफ्तार किया। इन चोरों ने बताया कि वे चोरी की बैटरियां मौदहापारा के कफिल खान को बेचते थे। कफिल के पास से चोरी की 4 बैटरियों के अलावा 20 अन्य संदिग्ध बैटरियां और एक ई-रिक्शा जप्त किया गया है।
बरामद सामान और कुल कीमत
पुलिस ने दोनों कार्यवाहियों को मिलाकर कुल ₹ 8,55,000 मूल्य का सामान जप्त किया है:
- 02 नग ई-रिक्शा
- 40 नग बैटरियां
- 02 नग दोपहिया वाहन

पकड़े गए आरोपियों का विवरण
- टीकाराम यादव (चंगोरा भाठा, रायपुर)
- राहुल पाल (क्रेता – भाठागांव, रायपुर)
- रमजान खान (हमीरपुर, यूपी – हाल रायपुर)
- अकरम खान (हमीरपुर, यूपी – हाल रायपुर)
- कफिल खान (क्रेता – मौदहापारा, रायपुर)
रायपुर पुलिस ने बताया कि संगठित अपराध और वाहन चोरी पर लगाम लगाने के लिए यह एक बड़ी कामयाबी है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



