
दुर्ग यातायात पुलिस की पहल: नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा के लिए सुधार कार्य शुरू
दुर्ग, 23 जुलाई 2025:
दुर्ग यातायात पुलिस ने जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा सुधार कार्यों को गति दी है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में शामिल एजेंडा बिंदुओं पर कार्य शुरू हो चुका है, जिसके तहत कुम्हारी टोल प्लाजा से नेहरू नगर चौक तक क्रश बैरियर और डिवाइडर निर्माण की योजना पर काम चल रहा है।
क्रश बैरियर निर्माण के लिए दिल्ली भेजा गया प्रस्ताव
यातायात पुलिस दुर्ग ने नेशनल हाईवे और सर्विस रोड के बीच होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्रश बैरियर निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। नेहरू नगर चौक से कुम्हारी टोल प्लाजा तक दोनों मार्गों को अलग करने के लिए यह कदम उठाया गया है। नेशनल हाईवे (PWD) विभाग ने इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए दिल्ली भेज दिया है। स्वीकृति मिलने के बाद क्रश बैरियर निर्माण शुरू होगा, जिससे सर्विस रोड से अचानक वाहनों का मुख्य मार्ग पर प्रवेश रुकेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

ओवर ब्रिज पर कंक्रीट डिवाइडर का निर्माण
नेशनल हाईवे पर ओवर ब्रिज के पास पहले लगाए गए लोहे के जाली डिवाइडर टूट-फूट गए थे, जिसके कारण पैदल यात्री और मवेशी सड़क पर आकर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे थे। इसे रोकने के लिए अब कंक्रीट के डिवाइडर बनाए जा रहे हैं। साथ ही, नेशनल हाईवे और सर्विस रोड के बीच डेलीनेटर लगाने का कार्य भी शुरू किया गया है, ताकि दोनों मार्गों को स्पष्ट रूप से अलग किया जा सके।

लेफ्ट टर्न फ्री और अवैध कटिंग पर रोक
सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के तहत दुर्ग के प्रमुख चौक-चौराहों पर लेफ्ट टर्न फ्री बनाया गया है। भिलाई क्षेत्र में भी इस दिशा में सर्वे किया गया है। इसके अलावा, नेशनल हाईवे पर अवैध कटिंग को पहले ही बंद किया जा चुका है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार और दुर्घटनाओं में कमी आई है।
सड़क सुरक्षा के लिए विभागों के साथ समन्वय
यातायात पुलिस दुर्ग लगातार अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में नेशनल हाईवे की अभियांत्रिकी खामियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



