
Durg Police का अनोखा ‘सड़क सुरक्षा अभियान’, बैनर-पोस्टर और कविताओं से सिखा रहे यातायात के नियम
दुर्ग | सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में मानवीय चूक सबसे बड़ा कारण बनकर उभरी है। आंकड़ों की मानें तो 78.7 प्रतिशत सड़क हादसे चालकों की छोटी-मोटी गलतियों और लापरवाही की वजह से होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए, ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026’ के तहत दुर्ग पुलिस अब एक्शन मोड में है और पूरे जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रही है।

प्रमुख चौराहों से लेकर स्कूलों तक जागरूकता की गूंज
दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा जिले के सभी शासकीय संस्थानों, बैंकों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रमुख चौक-चौराहों पर आकर्षक बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि राहगीरों का ध्यान सड़क सुरक्षा के नियमों की ओर खींचा जा सके।

इन 5 जानलेवा गलतियों पर पुलिस का फोकस
अभियान के दौरान पुलिस मुख्य रूप से उन कारणों पर प्रहार कर रही है जिनसे सबसे अधिक मौतें होती हैं:
- ड्रिंक एंड ड्राइव: शराब पीकर वाहन चलाना मौत को दावत देना है।
- रैश ड्राइविंग: निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाना।
- हेलमेट और सीट बेल्ट: दोपहिया पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया में सीट बेल्ट की अनिवार्यता।
- मोबाइल का उपयोग: ड्राइविंग के दौरान फोन पर बात करना ध्यान भटकाने का सबसे बड़ा कारण।
- ओवरलोडिंग: मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना कानूनन अपराध और असुरक्षित है।

कविताओं और स्लोगन से बदली जा रही सोच
दुर्ग पुलिस केवल चालान काटकर ही नहीं, बल्कि लोगों के दिलो-दिमाग को झकझोर कर भी नियम सिखा रही है। शहर के सार्वजनिक स्थलों पर प्रेरणादायक कविताओं और स्लोगनों वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि रचनात्मक संदेशों के माध्यम से नागरिकों में सकारात्मक सोच विकसित होती है, जिससे वे स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के प्रति अधिक संवेदनशील बनते हैं।

31 जनवरी तक चलेगा विशेष अभियान
बता दें कि ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ का आयोजन हर साल 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाता है। दुर्ग पुलिस इस पूरे महीने विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनता को यातायात नियमों की आधारभूत जानकारी दे रही है। सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में पाया गया है कि थकान, नशे और मोबाइल के उपयोग जैसी छोटी त्रुटियां ही बड़े हादसों की वजह बनती हैं
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



