
Durg Police का ऑपरेशन विश्वास लाया रंग, MP से लाकर मिलावटी शराब बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। दुर्ग पुलिस के ऑपरेशन विश्वास अभियान को बड़ी सफलता मिली है। थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के अनुपपुर से अवैध रूप से शराब लाकर उसे पानी मिलाकर नकली बोतलिंग कर दुर्ग-भिलाई शहर में बेचने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुबेश दत्ता अपने घर प्रणव कॉम्प्लेक्स, बोरसीभांठा दुर्ग में अवैध शराब की बोतलिंग कर बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी के घर से बड़ी मात्रा में अवैध शराब व बोतलिंग सामग्री बरामद की।
क्या-क्या हुआ जब्त?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
- 85 नग अनुपपुर (मध्यप्रदेश) की मसाला शराब।
- 09 नग रोमियो देशी मसाला शराब।
- गोवा विस्की, शोले मसाला शराब की खाली बोतलें, पौवा, ढक्कन।
- छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग के होलोग्राम व लेबल पर्चियां।
- फेवी स्टिक, सिक्के, मोबाइल फोन सहित।
- कुल 19,400 रुपये की सामग्री जब्त की।
जांच में सामने आया कि आरोपी एक बोतल शराब में पानी मिलाकर दो बोतल बनाता था और उसे छत्तीसगढ़ के लेबल व होलोग्राम लगाकर अवैध रूप से बेचता था।

आरोपी जेल भेजा गया
आरोपी सुबेश दत्ता के खिलाफ अपराध क्रमांक 15/2026 धारा 34(1), 34(2), 36 आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध शराब नेटवर्क में शामिल अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



