
Durg Police ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश
दुर्ग, 27 अगस्त 2025। दुर्ग पुलिस ने पुलगांव थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने खुलासा किया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर शराब के नशे में धुत पति की हत्या कर शव को घर से 15 किलोमीटर दूर फेंक दिया था।

कैसे हुआ मामला दर्ज?
24 अगस्त को पुलिस चौकी नगपुरा अंतर्गत आंवला बाड़ी क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की उम्र करीब 40-45 वर्ष आंकी गई। मृतक की पहचान के लिए फोटो साइबर प्रहरी और अन्य जिलों में प्रसारित किए गए। इसी दौरान अंजनी ठाकुर नामक महिला ने शव की पहचान अपने पति धनेश ठाकुर के रूप में की।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर पर ठोस वस्तु से लगी चोट पाया गया। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच और खुलासा
एसीसीयू और थाना पुलगांव की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदेह मृतक की पत्नी अंजनी ठाकुर और उसके प्रेमी हरपाल सिंह राजपूत उर्फ छोटू (निवासी सरस्वती नगर, दुर्ग) पर गया। पूछताछ में हरपाल ने कबूल किया कि उसका अंजनी के साथ पिछले 25 वर्षों से प्रेम संबंध था।
धनेश ठाकुर शराब का आदी था और पिछले दो महीनों से बेरोजगार होकर घर पर ही रहता था। वह पत्नी से शराब के लिए पैसों की मांग करता और इनकार करने पर गाली-गलौज करता था। उसकी मौजूदगी से अंजनी और हरपाल के संबंधों में बाधा आती थी। इसी कारण दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
हत्या की वारदात
22 अगस्त की रात करीब 11 बजे हरपाल, अंजनी के एक्टिवा स्कूटर पर धनेश को शराब पिलाने के बहाने आंवला बगीचा ले गया। वहां उसे शराब पिलाकर मदहोश किया और फिर पास पड़े भारी पत्थर से सिर के पीछे वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हरपाल ने अंजनी को फोन कर सूचना दी कि “काम योजना अनुसार पूरा हो गया है” और घर लौट आया।

गिरफ्तारी और कार्रवाई
हत्या में शामिल होने के पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. हरपाल सिंह राजपूत उर्फ छोटू (45 वर्ष)
2. अंजनी ठाकुर (44 वर्ष, मृतक धनेश ठाकुर की पत्नी)
दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम का योगदान
इस सफलता में थाना प्रभारी पुलगांव निरीक्षक प्रकाशकांत, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक प्रमोद रूसिया, चौकी प्रभारी मनोज यादव, उप निरीक्षक खेलन साहू, आरक्षक नरेन्द्र सहारे, शौकत हयात खान, हिरामन साहू, सनत भारती और अश्वनी यदु का सराहनीय योगदान रहा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



