
नशीली दवाइयों पर Durg पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा
दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए 18 हजार से अधिक नशीली गोलियां और सिरप जब्त किए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी वैभव खंडेलवाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि यह कार्रवाई आईजी रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में नशे के खिलाफ चल रहे महाअभियान के तहत की गई।

मुखबिर की सूचना पर बोरसी में कार्रवाई
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बोरसी क्षेत्र में विशेष ऑपरेशन चलाया। चेकिंग के दौरान वैभव खंडेलवाल को पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने फर्जी “वैभव फार्मास्युटिकल” नाम से लाइसेंस बनवाया और जीएसटी नंबर हासिल कर दवा कंपनियों से सीधे तथा बिजनेस-टू-बिजनेस प्लेटफॉर्म इंडिया मार्ट के जरिए नशीली दवाएं मंगवाईं। वह ऑनलाइन
भुगतान के जरिए इन दवाओं को खरीदता था और प्रतिबंधित गोलियों व सिरप का सेवन खुद भी करता था, साथ ही इन्हें दूसरों को बेचता था।

जब्त सामग्री और आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने जेबिस्कन सिरप, पिएंकोप्लस, अल्प्राजोलम, नाइट्रोटेन, निक्टर और नाइट्रेज़पम सहित कुल 18 हजार टैबलेट, 12 नग सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जांच में यह भी पता चला कि वैभव खंडेलवाल पहले भी वर्ष 2022 और 2023 में मोहन नगर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान हो चुका है। उसके खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं।
नेटवर्क की गहन जांच शुरू
दुर्ग पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क और अन्य राज्यों से जुड़े उसके संपर्कों की जांच कर रही है। सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है और इस तरह के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



