
दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार
थाना अंडा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी पर कसा शिकंजा
दुर्ग, 18 जुलाई 2025
दुर्ग जिले के थाना अंडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 4 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1,10,000 रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
17 जुलाई 2025 को थाना अंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गीता पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान रणवीर मारकण्डे और नीतेश कुर्रे के पास मोटरसाइकिल में रखे हरे रंग के बैग से 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

महिला तस्कर भी आई पुलिस की गिरफ्त में
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि गांजा खरीदने के लिए उन्हें गीतांजली जोशी ने 20,000 रुपये दिए थे। इसके बाद पुलिस ने महिला आरक्षक की उपस्थिति में गीतांजली जोशी से पूछताछ की, जिसमें उसने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह दोनों आरोपियों को गांजा लाने के लिए पैसे देती थी और बिक्री की रकम को आपस में बांट लिया जाता था।
कानूनी कार्रवाई और जब्ती
पुलिस ने इस मामले में NDPS ACT की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त सामग्री में 4 किलोग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अपराध में इस्तेमाल तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। प्रकरण की विवेचना जारी है।

आरोपियों की जानकारी
- रणवीर मारकण्डे, पिता धनेश्वर मारकण्डे, उम्र 19 वर्ष, निवासी इतवारी बाजार, अंडा, थाना अंडा, जिला दुर्ग।
- नीतेश कुर्रे, पिता जागृत दास कुर्रे, उम्र 22 वर्ष, निवासी चंदखुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- गीतांजली जोशी, पति कमलेश जोशी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम अंडा, थाना अंडा, जिला दुर्ग।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भानूप्रताप साव के नेतृत्व में सउनि सुंदर लाल नेताम, प्रआर उत्तम गंजीर, योगेश श्रीवास्तव, ओमप्रकाश चंद्राकर, संदीप कुर्रे, कुबेर सिंह, तेजेश्वर साहू, योगेश गायकवाड और महिला आरक्षक घनीता साहू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



