
Durg पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिंथेटिक हिरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंजाब से सिंथेटिक हिरोइन (चिट्टा) लाकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बेचने वाले दो अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक महिला समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जामुल क्षेत्र में महिला व बेटे की गिरफ्तारी
थाना जामुल क्षेत्र के ढांचा भवन कुरूद में रहने वाली एक महिला अपने पुत्र किशन सिंह के साथ मिलकर पंजाब से चिट्टा मंगाकर बिक्री कर रही थी। पुलिस ने रेड कार्रवाई में महिला के घर से करीब 33.36 ग्राम चिट्टा, 281.85 ग्राम डोडा चूरा और 8.90 लाख रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चिट्टा 20 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से बेचा जाता था।
खुर्सीपार में दूसरे गिरोह का खुलासा
थाना खुर्सीपार क्षेत्र में मिनी स्टेडियम के पास संदिग्ध हालत में मिले मिथिलेश पाठक और परमेश्वर ठाकुर उर्फ पिंटू डेफिनेट के पास से 14 ग्राम चिट्टा जब्त किया गया। पूछताछ में इनके नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद दीपक गुप्ता, निहाल राय, लोकेश अवस्थी, रणदीप सिंह और अल्ताफ कुरैशी को भी गिरफ्तार किया गया।

कुल जप्ती और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 51.73 ग्राम चिट्टा, 281.85 ग्राम डोडा, एक स्विफ्ट कार, 9 मोबाइल फोन और करीब 9 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख), 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस नशा रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



