
दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: म्यूल अकाउंट के जरिए सायबर फ्रॉड में शामिल 6 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग, 25 मई 2025:
दुर्ग जिले में म्यूल अकाउंट के जरिए हो रहे सायबर फ्रॉड के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट दुर्ग के नेतृत्व में थाना सुपेला, मोहननगर और भिलाई नगर की संयुक्त टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अपने नाम से बैंक अकाउंट खोलकर पैसे लेकर किराए पर सायबर अपराधियों को इस्तेमाल के लिए देते थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्कर्ष बैंक के दो खातों से सायबर ठगी के 29,036 रुपये का लेन-देन हुआ है। पूछताछ में खाताधारक प्रशांत विश्वकर्मा और मोंटू कुमार ने कबूला कि उन्होंने ये अकाउंट पैसे लेकर किराए पर दिए थे। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर सुपेला थाने में अग्रिम कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान एक अन्य मामले में पंजाब नेशनल बैंक के खाते से गुजरात और महाराष्ट्र के पीड़ितों से 50,000 रुपये की धोखाधड़ी का पता चला। खाताधारक रफीक खान को भी गिरफ्तार कर मोहन नगर थाने में कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में बैंक ऑफ इंडिया के दो खातों से करीब 3 लाख रुपये की सायबर ठगी का खुलासा हुआ। समीर वर्मा और विपिन शुक्ला नामक खाताधारकों ने बताया कि उन्होंने अकाउंट मोहम्मद कलाम को पैसे लेकर किराए पर दिए थे, और कलाम ने आगे किसी अन्य व्यक्ति को वह अकाउंट सौंप दिया। इन सभी के खिलाफ भिलाई नगर थाना क्षेत्र में कार्यवाही चल रही है।
गिरफ्तार आरोपी: प्रशांत विश्वकर्मा, मोंटू कुमार, रफीक खान, समीर वर्मा, विपिन शुक्ला, मोहम्मद कलाम |
पुलिस ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में ACCU टीम और तीनों थानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और सायबर अपराध में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भी तलाश की जा रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



