
Durg नाबालिग गैंगरेप मामला: फरार पीडब्ल्यूडी टाइम कीपर राजू कश्यप गिरफ्तार
दुर्ग में नाबालिग से गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पीडब्ल्यूडी के टाइम कीपर राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को लाने के लिए दुर्ग पुलिस की विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है।

घटना के बाद से था फरार
जानकारी के अनुसार, आरोपी राजू कश्यप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का निवासी है। पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगने के बाद वह अपने परिवार के साथ दुर्ग में रह रहा था। नाबालिग से गैंगरेप का मामला दर्ज होते ही वह फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी गोरखपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपकर रह रहा था। पुलिस को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि वह राज्य से बाहर भाग चुका है, जिसके बाद दुर्ग पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं।
तकनीकी साक्ष्यों से हुई गिरफ्तारी
दुर्ग पुलिस की टीमों ने सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड), टॉवर लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपी की लगातार ट्रैकिंग की। जैसे ही उत्तर प्रदेश में उसके मोबाइल की लोकेशन कन्फर्म हुई, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी अब भी फरार
इस मामले में बीएन पांडेय और संजय पंडित अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इससे पहले इस प्रकरण में विजय स्वाइन, गोविंद ठाकुर और अनिल चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

न्यायिक रिमांड पर सभी आरोपी
पुलिस ने शुक्रवार को राजू कश्यप की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में एक और कड़ी जोड़ दी है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



