
Durg में हत्या का मामला: विवाद के बाद चाकू से वार,मौके पर मौत
दुर्ग जिले के भिलाई में मातर कार्यक्रम के दौरान एक युवक का मर्डर हुआ है। 22 अक्टूबर की रात अरसनारा गांव में मातर का कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में आकाश निर्मलकर (19 साल) अपने दोस्तों के साथ शामिल हुआ था। इसी दौरान उसका लुकेश मैत्रेय से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने जेब में रखा चाकू निकालकर आकाश पर कई वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मामला नंदिनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी लुकेश मैत्रेय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी
परिजनों ने हत्या का आरोप लुकेश मैत्रेय पर लगाया है। उन्होंने बताया कि लुकेश कार्यक्रम में मौजूद था और विवाद के बाद हमला कर फरार हो गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में आकाश को कचांदूर स्थित सीएम हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोई पुरानी रंजिश नहीं
नंदिनी थाना प्रभारी पी.आर. ठाकुर ने बताया कि घटना 22 अक्टूबर रात की है। गांव में मातर कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ और चाकूबाजी में युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है।
आरोपी फरार है, उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही विवाद की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस टीम आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



