
Durg: पुलिस भर्ती के नाम पर 3.50 लाख की ठगी: 13 साल बाद दर्ज हुआ मामला
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस भर्ती के नाम पर करीब 3.50 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना वर्ष 2012 की है, जब एक परिवार को नौकरी का लालच देकर उनकी जमा-पूंजी हड़प ली गई थी। 13 साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप और पीड़ित की लिखित शिकायत पर धारा 420 (ठगी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है।
2012 में दिया नौकरी का झांसा
पीड़ित परिवार दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डूडेंरा का निवासी है। वर्ष 2012 में बलौदाबाजार जिले में पुलिस भर्ती निकली थी। इसी दौरान पीड़ित का संपर्क पड़ोसी गांव के आरोपी शोभाराम साहू से हुआ। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताया और पुलिस विभाग में ऊंचे संपर्क होने का दावा किया। उसने पीड़ित के बेटे को आरक्षक पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। नौकरी लगवाने के बदले आरोपी ने 3 लाख 50 हजार रुपये की मांग की।

रकम सौंपी, लेकिन नौकरी नहीं मिली
पीड़ित परिवार ने बेटे के भविष्य को देखते हुए 8 जून 2012 को पूरी रकम आरोपी को सौंप दी। ठगी को विश्वसनीय बनाने के लिए आरोपी ने इकरारनामा तैयार किया और एटीएम रसीदें तथा अन्य लिखित दस्तावेज दिए। शुरू में आरोपी ने प्रक्रिया चल रही होने का बहाना बनाया, लेकिन दो-तीन साल बीत जाने पर भी नौकरी नहीं लगी। पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने स्टाम्प पेपर पर दो किस्तों में रकम लौटाने का वादा किया—पहली किस्त 1 अक्टूबर 2015 को और दूसरी 1 मार्च 2016 को। लेकिन निर्धारित तारीखें बीतने के बाद भी एक रुपया वापस नहीं मिला।
संरक्षण के कारण दबता रहा मामला
पीड़ित का आरोप है कि उतई थाने में शिकायत करने पर जानकारी तुरंत आरोपी तक पहुंच जाती थी। आरोपी धमकाता और “धैर्य रखो, पैसा लौटा दूंगा” कहकर टालता रहा। इसके पीछे आरोपी के भाई का उतई थाने में आरक्षक पद पर होना बताया जा रहा है, जिससे संरक्षण मिलता था। ठगी से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई और घर में शादी योग्य बेटी का विवाह भी नहीं हो सका। आरोपी शोभाराम साहू वर्तमान में भिलाई उमदा रोड क्षेत्र में रहता है और बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन एवं मटेरियल सप्लाई का व्यवसाय करता है। वह एक राजनीतिक पार्टी से भी जुड़ा है। पूर्व में भी नौकरी के नाम पर ठगी के एक मामले में जेल जा चुका है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



