
Durg: महिला सचिव ने किया 20 लाख रुपए का गबन, पुलगांव पुलिस ने भेजा जेल
बिहान योजना की किस्त जमा करने के बजाय रकम से बनवाया मकान
दुर्ग। पुलगांव पुलिस ने बिहान योजना की राशि में गबन करने वाली महिला सचिव मनीता निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर 19 महिला स्व सहायता समूहों से करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पूछताछ में मनीता निषाद ने बताया कि उसने गबन की गई राशि का उपयोग अपने कोटनी और नांदगांव स्थित मकानों के निर्माण में किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दो समूह अध्यक्षों ने की थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीता निषाद के खिलाफ समूह की दो अलग-अलग अध्यक्षों ने शिकायत दर्ज कराई थी। पहली शिकायत प्रगति स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हेमकल्याणी साहू ने की। उन्होंने बताया कि आरोपी सचिव ने सरस्वती, मां बगदई, लक्ष्मी, एकता, सखी, धनलक्ष्मी, दुर्गा, गरिमा और प्रज्ञा महिला समूह से 6.19 लाख रुपए गबन किया।
दूसरे समूह से भी की करोड़ों की ठगी
दूसरी शिकायत नव जागृति समूह की अध्यक्ष दिव्या साहू ने दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मनीता निषाद ने नव जागृति, उज्जवला, आस्था, राधे-राधे, साधना, प्रेरणा, प्रगति, नवा अंजोर, जय मां शीतला और वैभव महिला समूह से 13.87 लाख रुपए की राशि का गबन किया।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायतों की जांच के बाद पुलगांव पुलिस ने आरोपी सचिव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गबन की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि महिला सचिव ने बिहान योजना की किश्तें बैंक में जमा करने के बजाय स्वयं के उपयोग में लीं। पुलिस ने मनीता निषाद को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



