
Durg में 2020 की बकरी लूट कांड का मुख्य आरोपी पकड़ाया: 5 साल बाद बदली पहचान के साथ छिंदवाड़ा में मिला
5 साल से फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार
दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुई बकरी लूट की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 5 साल बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अरमान खान (27) घटना के बाद से फरार था और अपनी पहचान छिपाकर छिंदवाड़ा में रह रहा था।
ऑटो चलाकर गुजार रहा था जिंदगी
पुलिस जांच में सामने आया कि अरमान खान छिंदवाड़ा के बैल बाजार इलाके में फर्जी नाम से रह रहा था और ऑटो चलाकर रोजी-रोटी कमा रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलगांव पुलिस की विशेष टीम ने छिंदवाड़ा पहुंचकर उसे दबोचा।

2020 में बुजुर्ग को पीटकर लूटी थीं दो बकरियां
24 सितंबर 2020 को महमरा कॉलेज के पास एक बुजुर्ग चरवाहा अपनी बकरियां चरा रहा था। तभी ऑटो सवार चार लोगों ने उसे घेरकर मारपीट की और उसकी दो बकरियां ऑटो में डालकर भाग निकले। घटना के बाद तीन आरोपियों—सलीम खान उर्फ सोनू, आसिफ अली और संतोष कुमार साहू—को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था। लूटी गई दोनों बकरियां भी बरामद हो गई थीं।
मुख्य आरोपी ऑटो लेकर हुआ था फरार
इस वारदात में चौथा आरोपी अरमान खान ही वह व्यक्ति था, जिसने ऑटो चलाकर पूरे गिरोह को वारदात स्थल से भगाया था। उसके फरार होने के बाद पुलिस की कई टीमों ने तलाश जारी रखी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर बचता रहा।
छिंदवाड़ा में नई पहचान से बस गया था आरोपी
काफी खोजबीन के बाद पुलिस को सूत्रों के जरिए जानकारी मिली कि अरमान बैल बाजार, छिंदवाड़ा में नई पहचान के साथ रह रहा है। इसके बाद विशेष टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



