
Durg में खाने के विवाद में बर्बर हत्या: चाइनीज दुकान में युवक ने साथी के सिर पर सिलेंडर से किए कई वार, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है। कचहरी वार्ड में स्थित जय हनुमान मुंबई वेज चाइनीज दुकान में शनिवार देर रात खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोपी भूपेंद्र सागर ने अपने साथी शम्भू उड़िया के सिर पर गैस सिलेंडर से कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात को भूपेंद्र सागर और शम्भू उड़िया के बीच जय हनुमान मुंबई वेज चाइनीज दुकान में खाना खाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर भूपेंद्र ने दुकान में रखे गैस सिलेंडर को उठाया और शम्भू के सिर पर 3-4 बार जोरदार प्रहार किए। इन हमलों से शम्भू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

नशे का आदी है आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भूपेंद्र सागर नशे का आदी है और अक्सर छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता रहता था। घटना के समय भी वह नशे में धुत था और गणेश विसर्जन के दौरान गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो इतनी बढ़ गई कि भूपेंद्र ने सिलेंडर से शम्भू पर जानलेवा हमला कर दिया। इस क्रूर घटना ने आसपास के लोगों को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि चाइनीज फूड सेंटर के पास शम्भू उड़िया की लाश पड़ी है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीमें गठित कीं और मात्र एक घंटे के भीतर आरोपी भूपेंद्र सागर को गिरफ्तार कर लिया। शम्भू के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीएसपी मेहर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गणेश विसर्जन के दौरान भूपेंद्र नशे में गाली-गलौज कर रहा था, जिसे लेकर शम्भू के साथ उसका विवाद हुआ। बहस के बाद दोनों फास्ट फूड सेंटर के पास पहुंचे, जहां भूपेंद्र ने सिलेंडर से शम्भू पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



