
Durg पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एशिया कप फाइनल में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने जिले में अवैध सट्टेबाजी और जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एशिया कप क्रिकेट फाइनल में भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। वैशालीनगर और स्मृतिनगर थाना क्षेत्रों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

वैशालीनगर में एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वैशालीनगर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गजेंद्र साहू उर्फ दादू (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह यूको बैंक के पीछे, भोला बेकरी के पास, वैशालीनगर का निवासी है। पूछताछ में गजेंद्र ने बताया कि वह BRTBHAI9 और Classic Exch99 जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भारत-पाकिस्तान फाइनल मैच पर सट्टेबाजी कर रहा था। इस सट्टा एप्लिकेशन को उसने अभिजीत सिंह उर्फ विराट से एक लाख रुपये में खरीदा था।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक Vivo मोबाइल, एक होंडा एक्टिवा (CG-07 VQ 2141), और 5-6 लाख रुपये के सट्टेबाजी के लेन-देन से संबंधित व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट बरामद किए। गजेंद्र के खिलाफ वैशालीनगर थाने में अपराध क्रमांक 323/2025, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
स्मृतिनगर में दूसरा आरोपी पकड़ा गया
इसी तरह, स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने नमन गुप्ता (26 वर्ष), निवासी स्मृतिनगर, मकान नंबर 606, जुनवानी रोड को गिरफ्तार किया। नमन RBC66 नामक ऑनलाइन सट्टा एप्लिकेशन के जरिए भारत-पाकिस्तान फाइनल मैच पर सट्टेबाजी कर रहा था। यह एप्लिकेशन उसने अपने साथी आयुष कुमार यादव से 10 लाख रुपये में खरीदा था।
पुलिस ने नमन के कब्जे से दो मोबाइल, 8500 रुपये नकद, बैंक खाते का विवरण, और लगभग 4 लाख रुपये के सट्टेबाजी से संबंधित स्क्रीनशॉट बरामद किए। उसके खिलाफ स्मृतिनगर चौकी में अपराध क्रमांक 1160/2025, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
दुर्ग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दोनों प्रकरणों में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस ने सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अपनी कार्रवाई को और तेज करने का संकल्प लिया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



