
Durg में चोरी का बड़ा खुलासा: मकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण उड़ाने वाले एक आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग (छत्तीसगढ़)। दुर्ग पुलिस ने वैशाली नगर थाना क्षेत्र में मकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के एक पुराने मामले का सफल खुलासा किया है। मामले में एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत नाबालिग (एक बालक और एक बालिका) को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस ने चोरी गए सामान में से कुल 4,23,700 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नगदी बरामद की है।
दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच हुई चोरी, परिवार को पता चला बाद में
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रार्थी स्वामी मंडावी (34 वर्ष), निवासी मकान नंबर 203, रामनगर मुक्तिधाम, थाना वैशाली नगर ने 22 फरवरी 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 के बीच अज्ञात चोर उनके मकान में घुसे और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गए। इस पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 83/2026 दर्ज किया गया, जिसमें बीएनएस की धारा 305, 317(2), 3(5) लगाई गई।

मुखबिर सूचना से शुरू हुई जांच, प्रार्थी की भतीजी ने कबूला अपराध
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना पर प्रार्थी की भतीजी (विधि से संघर्षरत बालिका) से पूछताछ की गई। उसने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की और बताया कि चुराए गए आभूषण उसने अपने मित्र रंजीत वर्मा को बेचने के लिए दिए थे। आरोपी रंजीत वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने आभूषण अन्य साथियों को बेचने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुए जेवरात और नकदी
आरोपी रंजीत वर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का एक हार (नेकलेस), एक मंगलसूत्र और 3,700 रुपये नकदी बरामद की। कुल बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 4,23,700 रुपये है। आरोपी रंजीत वर्मा (19 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, गणेश चौक के पास, सुपेला, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर संप्रेक्षण गृह भेजा गया। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



