
Durg में चोरी का खुलासा: भीख मांगने वाले दंपत्ति ने चुराए मोबाइल और लैपटॉप, जमीन में गाड़कर छिपाया
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने भीख मांगने के बहाने चोरी करने वाले एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी किए गए मोबाइल और लैपटॉप को रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज के नीचे जमीन में गाड़कर छिपाया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
चोरी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
दिनांक 6 अक्टूबर 2025 को भिलाई भट्ठी थाने में एक आवेदक ने शिकायत दर्ज कराई कि रात को लैपटॉप पर काम करने के बाद वह सो गया। सुबह नहाने के दौरान उसने लैपटॉप को कमरे में रखा था, जबकि उसकी मां दूसरे कमरे में सो रही थीं। इस दौरान खुले दरवाजे से अज्ञात चोर ने घर में प्रवेश कर एचपी कंपनी का लैपटॉप चुरा लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्ग रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक पुरुष और एक महिला, जो घूम-घूमकर भीख मांगते हैं, चोरी के मोबाइल और लैपटॉप बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेही हेमंत सोबर और उनकी पत्नी नागमणि सोबर को हिरासत में लिया।
दंपत्ति ने कबूली चोरी
पुलिस पूछताछ में हेमंत सोबर और नागमणि ने बिलासपुर से दुर्ग और भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर खुले मकानों से चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि प्रकरण में चोरी किया गया एचपी कंपनी का लैपटॉप और अन्य मोबाइल फोन को दुर्ग रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाया गया था।
बरामद हुए चोरी के सामान
आरोपी हेमंत सोबर के निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज के नीचे से 8 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन और एक एचपी कंपनी का लैपटॉप बरामद किया। बरामदगी गवाहों की मौजूदगी में की गई। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपियों की जानकारी
- हेमंत सोबर, पिता शंकर सोबर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गजरा चौक के पास, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
- नागमणि, पति हेमंत सोबर, उम्र 25 वर्ष, निवासी गजरा चौक के पास, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



