
Durg: बस स्टैंड के आगे चर्च के पास चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई
दुर्ग। शहर में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड के आगे चर्च के पास चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया और हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पद्मनापुर थाना क्षेत्र का है।
छात्रों के बीच विवाद से भड़की हिंसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग खालसा स्कूल के छात्र यशवर्धन राजपूत का दूसरे स्कूल के एक छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते दूसरे स्कूल के छात्र ने बदला लेने की नीयत से करीब 10 लड़कों को बुलाकर यशवर्धन के साथ मारपीट की।

सुलह के बहाने चर्च के सामने बुलाया
मारपीट की जानकारी यशवर्धन ने अपने बड़े भाई केशव राजपूत को दी। इसके बाद आरोपियों ने आपसी सुलह की बात कहकर दोनों भाइयों को बस स्टैंड के पास चर्च के सामने बुलाया। बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने यशवर्धन पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया।
छोटे भाई को बचाने आया, खुद हुआ घायल
जब यशवर्धन पर हमला होते देखा तो बड़े भाई केशव राजपूत उसे बचाने सामने आए। इसी दौरान आरोपियों ने केशव पर चाकू से वार किया और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। पद्मनापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



