
Durg में बड़ी कार्रवाई : पिस्टल व कट्टे के साथ 4 शराब तस्कर गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन “विश्वास” के तहत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 शराब तस्करों को हथियारों और बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पिस्टल, देशी कट्टा, 6 जिंदा कारतूस, धारदार चाकू और 141 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की है। इसके अलावा, शराब बिक्री से अर्जित ₹3,920 नकद भी जप्त किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर छापेमारी
थाना पद्मनाभपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कसारीडीह वार्ड क्रमांक-44 निवासी पवन कुमार कुर्रे अपने भाई, भांजे और साथी के साथ मिलकर अवैध शराब बिक्री और हथियार रखने का काम कर रहा है। सूचना पर विशेष टीम गठित कर आरोपी के घर पर घेराबंदी की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को 93 पौवा देशी मसाला शराब, एक पिस्टल, मैग्जिन, कारतूस और धारदार चाकू मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह अवैध कारोबार वह अपने बड़े भाई विनोद कुर्रे, भांजे कृष्ण कुमार जोशी और साथी सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा के साथ मिलकर कर रहा था।

आरोपियों से बरामदगी
- पवन कुर्रे – पिस्टल, मैग्जिन, कारतूस व 93 पौवा शराब
- विनोद कुर्रे – 01 मैग्जिन और 03 जिंदा कारतूस
- सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा – देशी कट्टा और 02 जिंदा कारतूस
- कृष्ण कुमार जोशी – 48 पौवा देशी मसाला शराब
पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी पवन कुर्रे और कृष्ण कुमार जोशी पहले भी धारा 302 भादवि (हत्या के आरोप) में गिरफ्तार हो चुके हैं। इनके खिलाफ अब धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 25/27 आर्म्स एक्ट एवं 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस की सख्ती
पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन विश्वास के तहत जिले में नशे और अवैध हथियारों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



