
Durg में पुरानी वसूली विवाद में युवक की हत्या: फरार हत्यारा गिरफ्तार, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
दुर्ग। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने पुरानी रकम की वसूली को लेकर हुए विवाद में एक युवक की क्रूर हत्या के मामले में तेज कार्रवाई करते हुए एक और फरार आरोपी को कर लिया है। पुलिस की इस सफलता से मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला तेज हो गया है, जबकि अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
मर्ग जांच से सामने आया हत्या का राज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को थाना सुपेला से मर्ग क्रमांक 0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग डायरी प्राप्त हुई थी। मृतक ऋषि निर्मलकर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पता चला कि होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट दुर्ग में पुरानी पैसों की वसूली की बात को लेकर आरोपियों ने मृतक के साथ हाथापाई और मारपीट की। इस दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान ऋषि निर्मलकर की मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज, त्वरित कार्रवाई शुरू
जांच में अपराध प्रमाणित होने पर थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम प्रशांत राव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ओम नगर उरला, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग बताया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मेमोरेंडम और मुखबिर सूचना से दूसरा आरोपी धरा
प्रशांत राव के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस एक अन्य आरोपी लक्की की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी जयंती नगर दुर्ग बताया। उसने भी अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
विवाद हिंसक रूप ले बैठा
पुलिस के अनुसार, पूरा विवाद पुरानी रकम की वसूली को लेकर शुरू हुआ, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया और एक युवक की जान चली गई। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



