
Durg: रायपुर स्टील प्लांट के सामने ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौके पर मौत
दुर्ग। दुर्ग जिले के रसमड़ा क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार को मातम में डुबो दिया। रायपुर स्टील प्लांट के सामने पुलगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी बाल-बाल बच गया।
काम पर जाते समय हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोनी निवासी एमंत साहू अपने साथी के साथ बाइक (क्रमांक CG 07 ZR 3592) से रसमड़ा स्थित ए.एस. ग्लोबल फैब्रिकेशन कंपनी जा रहे थे। दोनों रोज की तरह बाइक से काम पर आ-जा रहे थे। एमंत बाइक चला रहा था और उसका दोस्त पीछे बैठा था।

ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, युवक ट्रक के नीचे फंसा
रायपुर स्टील प्लांट के सामने पहुंचते ही पीछे से आ रहे ट्रक (क्रमांक CG 07 BF 3747) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठा युवक दूर जा गिरा, जबकि एमंत ट्रक के पहिए के नीचे फंस गया।
फंसने के बाद भी ट्रक चालक ने बढ़ा दी गाड़ी
बताया जा रहा है कि युवक के ट्रक के नीचे फंस जाने के बावजूद चालक ने ट्रक को आगे बढ़ा दिया, जिससे एमंत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सदमे में आ गए।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, ट्रक जब्त
सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



