
दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़: 31 बाइकें बरामद, 3 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक राज्यस्तरीय संगठित दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। भिलाई-भट्टी थाना पुलिस ने कुल 31 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी ई. पापा राव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
लगातार चोरियां, बीएसपी पार्किंग को बनाया निशाना
भिलाई-भट्टी क्षेत्र में वर्ष 2024 से दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। आरोपियों ने विशेष रूप से भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) मुख्य गेट की दोपहिया पार्किंग और भिलाई-भट्टी इलाके को अपना प्रमुख लक्ष्य बनाया था। पुलिस ने थाना भिलाई नगर में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ई. पापा राव को चिन्हित किया और गिरफ्तार किया।

मास्टरमाइंड इंजीनियर, मास्टर चाबी से चोरी
पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी ई. पापा राव ने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा प्राप्त किया है। वह पहले बीएसपी में संविदा पर काम कर चुका था। आरोपी मुख्य रूप से होंडा शाइन और अन्य लोकप्रिय मॉडलों की बाइकों को निशाना बनाता था। उसने मास्टर चाबी या अन्य तरीकों से वाहन चुराए और उन्हें बस से रायपुर से होते हुए कुंकुरी (जशपुर जिला) ले जाकर सहयोगियों के माध्यम से बेच दिया। चोरी के वाहनों को मनोज राम और राम सेवक पुजारी उर्फ रवि प के जरिए बेचने की योजना थी।

बरामद वाहनों का विवरण
- भिलाई-भट्टी क्षेत्र से 13 वाहन
- छावनी थाना क्षेत्र से 3 वाहन
- रायपुर क्षेत्र से 2 वाहन
3 वाहन जिनके दस्तावेज पंजीबद्ध नहीं मिले
कुल जप्त 31 दोपहिया वाहन, कीमत करीब 31 लाख रुपये। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- ई. पापा राव, निवासी कुशालपुर, चंगोरा भाठा, रायपुर
- मनोज राम, निवासी कुंकुरी, जशपुर
- राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि प, निवासी कुंकुरी, जशपुर
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना भिलाई भट्टी प्रभारी, थाना स्टाफ, साइबर सेल टीम और विशेष जांच दल (एसआईटी) की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



