
Durg: बचपन के दोस्त ने ही ठगी की, अब पत्नी को फंसाने की दे रहा धमकी; कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया केस
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में 27 लाख रुपये की ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक संविदा जूनियर इंजीनियर ने अपने बचपन के दोस्त से व्यापार के नाम पर 27 लाख रुपये उधार लिए, लेकिन पैसे लौटाने के बजाय झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने लगा। जब पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो पीड़ित ने कोर्ट का रुख किया। कोर्ट के निर्देश पर अब पाटन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी का अपराध दर्ज कर लिया है।
बचपन के दोस्त ने दिखाई लाचारी, उधार लिए 27 लाख
प्रकरण के अनुसार, पीड़ित आकाश कुमार शर्मा पिछले कई वर्षों से प्रोटीन सप्लीमेंट्स के होलसेल व्यापार से जुड़े हैं। आरोपी अनिरुद्ध ताम्रकार उनके बचपन के मित्र हैं और जनपद कार्यालय पाटन में संविदा जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात हैं।

आरोपी की पत्नी भावना ताम्रकार के नाम पर रिसाली (भिलाई-दुर्ग) में प्रोटीन सप्लीमेंट्स की दुकान खोलने की योजना बनाई गई। वर्ष 2021 में अनिरुद्ध ने वेतन न मिलने और आर्थिक तंगी का हवाला देकर दोस्त से मदद मांगी। सरकारी नौकरी के कारण दुकान अपने नाम पर न खोल पाने की बात कहकर उन्होंने परिवादी से सहयोग मांगा।
किस्तों में लौटाए सिर्फ 6 लाख, फिर मांगे और पैसे
परिवादी के अनुसार, 5 अक्टूबर 2021 को भावना ताम्रकार के खाते में 5 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए और 1 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा सितंबर से अक्टूबर 2021 के बीच कुल 27 लाख रुपये का प्रोटीन सप्लीमेंट्स का सामान सप्लाई किया गया।
दुकान शुरू होने के बाद भुगतान की मांग करने पर आरोपी ने जून 2022 तक किश्तों में करीब 6 लाख रुपये लौटाए। जुलाई 2022 में फिर से रकम की जरूरत बताकर 6 लाख रुपये नकद उधार लिए, लेकिन इसके बाद कोई भुगतान नहीं किया।
पैसे मांगने पर धमकियां, पत्नी को फंसाने की बात
जब आकाश ने बार-बार पैसे मांगे तो आरोपी ने उल्टे उन्हें झूठे केस में फंसाने, पत्नी के साथ गलत हरकत का इल्जाम लगवाने और जान से मारने की धमकी दी। पिछले कई महीनों से आरोपी लगातार धमकियां दे रहा है।
पीड़ित ने पाटन पुलिस में शिकायत की, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अनिरुद्ध ताम्रकार के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), 506 (धमकी) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



