
Durg में जमीन कारोबारियों पर लाठीचार्ज: रजिस्ट्री फीस वृद्धि के खिलाफ उग्र हुआ प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ में नई कलेक्टर गाइडलाइन दरों के विरोध में जमीन कारोबारियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। दुर्ग में सोमवार को यह विरोध अपने पांचवें दिन में प्रवेश कर गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में रियल एस्टेट कारोबारी कलेक्ट्रेट और रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर जुटे। नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन के कारण माहौल धीरे-धीरे तनावपूर्ण बनता गया।

स्थिति बिगड़ी, 6 थानों की पुलिस तैनात
बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन छह थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन भीड़ के आक्रोश को देखते हुए हालात नियंत्रण से बाहर होते दिखे।
रजिस्ट्री कार्यालय की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी
दोपहर करीब 1 बजे प्रदर्शनकारी रजिस्ट्री कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ आगे बढ़ती रही। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे मौके पर भगदड़ मच गई और प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागने लगे।

दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, कई हिरासत में
लाठीचार्ज के बाद भीड़ कुछ देर के लिए तितर-बितर हो गई, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से एकत्र होकर विरोध जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उन्हें हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।
नई गाइडलाइन से 100 से 150 गुना बढ़ीं जमीन दरें
छत्तीसगढ़ में जारी नई कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार जमीन की कीमतों में भारी वृद्धि की गई है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और अंबिकापुर समेत कई जिलों में रजिस्ट्री दरें 100 से 150 गुना तक बढ़ गई हैं। जिस जमीन की कीमत पहले 10 लाख रुपए थी, वह अब 70 लाख रुपए तक पहुंच गई है। इसी भारी बढ़ोतरी के विरोध में रियल एस्टेट कारोबारी लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



