
Durg में गुरुनानक प्राथमिक शाला की खराब व्यवस्थाएं बनी चिंता का विषय
मालवीय नगर, दुर्ग: दुर्ग जिले के मालवीय नगर में स्थित पं. मदन मोहन मालवीय प्राथमिक शाला परिसर में पिछले चार साल से संचालित गुरुनानक प्राथमिक शाला की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्कूल में केवल तीन कमरे हैं और शिक्षण-सुविधाओं की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

तीन कमरों में चल रही हैं पांच कक्षाएं
स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई हो रही है, लेकिन केवल तीन कमरे होने के कारण दो-दो कक्षाओं को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। शिक्षकों ने मजबूरी में एक ही कमरे में अलमारी रखकर पार्टिशन बनाकर कार्यालय तैयार किया है। हेडमास्टर के बैठने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जबकि शौचालय की स्थिति भी काफी खराब है।
भवन शिफ्टिंग के बाद बनी समस्या
हेडमास्टर रतिदास सिरमौर ने बताया कि गुरुनानक प्राथमिक शाला पहले अपने भवन में संचालित होती थी, लेकिन वहाँ के छोटे छज्जे गिर जाने के बाद भवन का रख-रखाव कराने के बजाय स्कूल खाली कर दिया गया। इसके बाद स्कूल को दीपक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर में शिफ्ट किया गया। पिछले चार सालों से स्कूल तीन कमरों में ही संचालित हो रहा है।
बच्चों की सुरक्षा पर खतरा
स्कूल में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र पैदल आते हैं और स्कूल तक पहुंचने के लिए व्यस्त सड़क पार करनी पड़ती है। इस वजह से बच्चों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती है। अभिभावक और शिक्षक इस स्थिति को छोटे बच्चों के लिए बेहद खतरनाक बता रहे हैं।

पढ़ाई में आ रही दिक्कत
पास ही स्थित अन्य स्कूल में माइक सिस्टम के जरिए पढ़ाई होती है, जिससे गुरुनानक प्राथमिक शाला के छोटे बच्चों को पढ़ाने में काफी दिक्कत होती है।
लंबित मांगें और अवहेलना
हेडमास्टर ने अक्टूबर 2025 में स्कूल शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर चार साल से चल रही अस्थायी व्यवस्था और छात्रों-स्टाफ की समस्याओं से अवगत कराया। पत्र में नए भवन निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन आज तक न तो कोई जवाब आया और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



