
दुर्ग जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग जिले के कुम्हारी और जामुल थाना क्षेत्र में दो चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में अज्ञात चोरों ने घरों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कुम्हारी में शादी के लिए रखा सोना चोरी
कुम्हारी थाना से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड-10 शंकर नगर निवासी भरत बजाज (27 वर्ष), पिता सुरेश बजाज, ने अपनी बहन की शादी के लिए बड़े पिता के घर कैलाश नगर कुम्हारी से 12 तोला सोना और अन्य जेवरात (6 अंगूठियां) अपने घर लाकर रखे थे। इसमें से 2 तोला सोना और 1 अंगूठी गहने बनवाने के लिए नवकार ज्वेलर्स रायपुर ले गए थे, जबकि शेष सोना घर में सुरक्षित रखा गया था। 2 जनवरी को रायपुर से खरीदा गया सोना भी घर में रखा गया था।
शनिवार सुबह जब परिवार उठा तो देखा कि घर की आलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सभी गहने गायब थे। इसके अलावा भरत का एप्पल मोबाइल फोन भी चोरी हो गया। पीड़ित के अनुसार चोर 50-50 ग्राम के दो सोने के बिस्किट, 5 अंगूठियां, 2 कान के झुमके और 1 मंगलसूत्र ले गए हैं। कुम्हारी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

जामुल में सूने मकान को बनाया निशाना
दूसरी घटना जामुल थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड इलाके की है। गुरुद्वारा के पास ब्लाक 12/9 हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी हरेंद्र पाल (36 वर्ष) 12 दिसंबर को परिवार सहित घर में ताला लगाकर अपने गृह ग्राम लहेजी, सिवान (बिहार) गए हुए थे।30 दिसंबर की सुबह पड़ोसी गीता दत्ता ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर के पीछे का गेट टूटा हुआ है।
2 जनवरी को जब हरेंद्र पाल परिवार सहित वापस लौटे तो देखा कि पीछे के गेट की कुंडी और घर के कमरे में रखी आलमारी का लॉक टूटा हुआ था। आलमारी में रखा सोने का 2 मंगलसूत्र, 2 अंगूठियां, 1 कान की लटकन और 30 हजार रुपये नकद गायब थे।जामुल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस जुटी जांच में
दोनों मामलों में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



