
Durg : महिला से 7.76 लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी
दुर्ग जिले के भिलाई स्थित भट्टी थाना क्षेत्र में ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर एक महिला से 7 लाख 76 हजार 600 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-1 भिलाई निवासी तरन्नूम राशिद (36), पति मोहम्मद शाहिद के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 8 जनवरी 2026 को ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में कम समय में अधिक मुनाफे का लालच दिया गया था।

व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के जरिए संपर्क
विज्ञापन के लिंक पर क्लिक करने के बाद एक अज्ञात व्हाट्सऐप नंबर से महिला से संपर्क किया गया। आरोपियों ने उन्हें ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब करने का झांसा दिया और बातचीत के लिए टेलीग्राम अकाउंट बनाने को कहा। इसके बाद उन्हें दिए गए यू-पीआई आईडी पर गूगल-पे के माध्यम से 9 और 10 जनवरी को किश्तों में कुल 1 लाख 80 हजार 600 रुपए जमा कराए गए।
शेयर मार्केट में निवेश का झूठा दावा
आरोपियों ने पीड़िता को बताया कि जमा की गई राशि को शेयर मार्केट में निवेश कर दिया गया है और वह दोगुनी हो चुकी है। पैसे निकालने के लिए और निवेश करने की बात कही गई। इस झांसे में आकर पीड़िता ने 12 जनवरी को एसबीआई बैंक, सम्पूर्ण नगर शाखा के खाते में 2 लाख 46 हजार रुपए और 13 जनवरी को एसबीआई बैंक, करलपूरा शाखा के एक अन्य खाते में 3 लाख 50 हजार रुपए जमा कर दिए।
कुल 7.76 लाख रुपए की ठगी
इस तरह अलग-अलग खातों में कुल 7 लाख 76 हजार 600 रुपए जमा कराए गए। जब पीड़िता ने टेलीग्राम के माध्यम से अपनी राशि वापस मांगनी शुरू की, तो @CFO_WITHDRAW_SERVICE नामक टेलीग्राम अकाउंट से उनसे दोबारा 6 लाख रुपए जमा करने की मांग की गई। तब जाकर पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर भट्टी थाना पुलिस ने अज्ञात व्हाट्सऐप नंबर और टेलीग्राम अकाउंट धारकों के खिलाफ ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम अकाउंट्स की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



