
Durg : कच्चे मकान की दीवार ढहने से 2 मजदूरों की मौत
दुर्ग जिले में एक कच्चे मकान की दीवार ढहने से 2 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, 2 अन्य मजदूर घायल हुए है। घटना 14 नवंबर की सुबह 8 बजे की है। धमधा से 12 किलोमीटर दूर पेंड्रावन गांव में गुरुदेव नामक डॉक्टर के मकान में नींव का काम चल रहा था।
मिट्टी की खुदाई के दौरान साइड की कमजोर दीवार अचानक ढह गई, जिससे मलबे के नीचे दबकर कमल नारायण ठाकुर और ईश्वरी गायकवाड़ (41 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों पेंड्रावन के रहने वाले थे। मामला धमधा थाना क्षेत्र का है।

नींव की खुदाई के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर नींव मजबूत करने का काम कर रहे थे, तभी कच्ची दीवार असंतुलित होकर ढह गई। इसकी चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों को आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकाला। दोनों घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।

राहत-बचाव में देरी नहीं
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किए। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन घटना की जांच कर रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में कच्ची दीवार कमजोर होने की जानकारी सामने आई है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



