
वायशेप ब्रिज पर दर्दनाक हादसा: ई-रिक्शा पलटने से युवती की मौत, मां घायल
दुर्ग। जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। वायशेप ब्रिज पर ई-रिक्शा पलटने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया।

मॉडल टाउन जा रही थीं मां-बेटी
जानकारी के मुताबिक, स्मृति नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार शाम यह हादसा हुआ। मृतका नेहा पटनायक (18) अपनी मां उषा पटनायक (45) के साथ मालवीय नगर चौक से ई-रिक्शा में बैठकर मॉडल टाउन जा रही थीं। रास्ते में वायशेप ब्रिज पर बटालियन के पास अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।
रिक्शा के नीचे दबने से हुई मौत
हादसे में नेहा ई-रिक्शा के नीचे दब गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और तत्काल चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद नेहा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां का इलाज जारी है।
चालक मौके से फरार
घटना के बाद आरोपी रिक्शा चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। मौके पर सूचना मिलते ही यातायात की हाईवे पेट्रोलिंग टीम, सुपेला पुलिस और स्मृति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चालक गायब हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
स्मृति नगर थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



