
Durg: रजिस्ट्री दाम बढ़ोतरी पर जमकर बवाल, प्रदर्शनकारियों ने रोका BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का काफिला
दुर्ग। प्रदेश में रजिस्ट्री दर बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को कई जिलों में प्रदर्शन हुए, लेकिन दुर्ग जिले में इसका सबसे उग्र रूप देखने को मिला। पटेल चौक स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे रियल एस्टेट कारोबारी और जमीन दलाल अचानक बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के काफिले के सामने आ गए और गाड़ियों को रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों और भाजपा नेताओं के बीच बहस
प्रदर्शनकारियों और भाजपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

पुलिस जवानों ने बीच-बचाव कर किया सड़क खाली
हंगामा बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने बीच-बचाव कर सड़क को खाली कराया और किसी तरह काफिले को आगे बढ़ाया। पूरा मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पटेल चौक का है।
विवाह समारोह में दुर्ग पहुंचे थे प्रदेश अध्यक्ष
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सांसद विजय बघेल के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने दुर्ग पहुंचे थे। इसके बाद वे राइस मिल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल बोथरा के निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों का जत्था कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लौट रहा था और अचानक रास्ते में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

इस घटनाक्रम पर भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा “प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर खड़े थे। उन्होंने काफिला रोकने की कोशिश की, लेकिन समझाने के बाद वे पीछे हट गए। झूमाझटकी जैसी कोई स्थिति नहीं बनी।”
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



