
Durg-Bhilai में दिवाली पर पटाखों से 21 लोग घायल
हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें; एक की हालत गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज
दुर्ग/भिलाई। दिवाली की खुशियां कई परिवारों के लिए दर्द में बदल गईं। जिले में पटाखा जलाने के दौरान 21 लोग घायल हो गए। इनमें से ज्यादातर लोगों को हाथ, पैर और चेहरे पर जलन या चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल दुर्ग और सुपेला अस्पताल भिलाई में जारी है।

सुपेला अस्पताल में आए 12 मरीज, ज्यादातर को मामूली चोटें
भिलाई के सुपेला अस्पताल में पटाखों से घायल होने के कुल 12 मामले दर्ज किए गए। अस्पताल के प्रभारी डॉ. पीएम सिंह ने बताया कि अधिकतर लोग मामूली रूप से झुलसे हैं।
उन्होंने बताया कि दिवाली से एक दिन पहले रविवार को 2 केस, दिवाली की रात सोमवार को 9 केस, और मंगलवार को 1 नया केस सामने आया। सभी मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
डॉ. सिंह ने चेतावनी दी कि पटाखा जलाते समय लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पटाखे हमेशा दूरी बनाकर, कॉटन के कपड़ों में और बड़ों की निगरानी में बच्चों से जलवाएं।
दुर्ग जिला अस्पताल में 9 लोग झुलसे
दुर्ग जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दिवाली की रात 6 मरीज पटाखा जलाने के दौरान झुलस गए थे। मंगलवार सुबह 3 और मरीज इसी कारण अस्पताल पहुंचे।
इनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई है, जिसे भर्ती किया गया है, जबकि बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇*
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



