
Durg : अवैध आरा मशीन मामले में युवक ने SDO को दी धमकी, दस्तावेज फेंके
दुर्ग वन मंडल अंतर्गत उप वनमंडल कार्यालय में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक युवक ने कार्यालय परिसर में घुसकर उप वनमंडलाधिकारी (एसडीओ) के साथ गाली-गलौज, धमकी और शासकीय दस्तावेजों के साथ दुर्व्यवहार किया। मामले को लेकर एसडीओ ने थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
गाड़ी छुड़वाने के बहाने पहुंचा कार्यालय
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 20 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे की है। एसडीओ धनेश साहू अपने कार्यालय परिसर में मौजूद थे, तभी ग्राम गाड़ीहिरा निवासी अजय तिवारी कार्यालय पहुंचा। पूछताछ के दौरान उसने अपनी गाड़ी छुड़वाने की बात कही।
जब्ती का कोई मामला नहीं होने की दी जानकारी
एसडीओ साहू ने युवक को स्पष्ट रूप से बताया कि वन विभाग में उसके नाम से किसी भी प्रकार की वाहन जब्ती का कोई प्रकरण दर्ज नहीं है। इसके बावजूद युवक आक्रोशित हो गया और कार्यालय के भीतर घुसकर ऊंची आवाज में गाली-गलौज करने लगा।
शासकीय दस्तावेज फेंकने का आरोप
शिकायत में बताया गया कि युवक ने स्टाफ की मौजूदगी में शासकीय दस्तावेज उठाकर फेंक दिए, जिससे कार्यालय की गरिमा भंग हुई और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया। घटना के समय अधिकारी 21 जनवरी को बीलाम एवं खैरागढ़ वन मंडल में आयोजित अग्नि सुरक्षा कार्यशाला की तैयारी में व्यस्त थे, जिससे शासकीय कार्य भी बाधित हुआ।
अवैध आरा मशीन प्रकरण से जुड़ा मामला
एसडीओ धनेश साहू ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया कि अजय तिवारी के खिलाफ पूर्व में अवैध आरा मशीन संचालन का प्रकरण दर्ज किया गया था, जिस पर विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की गई थी। उसी कार्रवाई के बाद से युवक लगातार दबाव बनाने और गाड़ी छुड़वाने की कोशिश कर रहा है।
लगातार धमकी देने का आरोप
एसडीओ साहू ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी युवक उन्हें आए दिन धमकाता रहता है और कहता है—
“बाहर निकलो, फिर देख लेंगे।”
इस तरह की धमकियों से शासकीय अधिकारी और कर्मचारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद एसडीओ धनेश साहू ने पदनामपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



