
Janjgir Champa: दीपावली सजावट के दौरान मजदूर की करंट लगने से मौत
जांजगीर-चांपा। दीपावली की तैयारियों के बीच सोमवार को सदर बाजार स्थित राज वस्त्रालय में झालर लाइट लगाने के दौरान मजदूर दुर्गेश महंत की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक केराझरिया (चांपा) में दुर्गा मंदिर के पास रहता था।
हादसा कैसे हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में दीपावली की सजावट का काम चल रहा था। इसी दौरान बिजली का तार अचानक सक्रिय हो गया और दुर्गेश करंट की चपेट में आ गया। उसे झुलसी अवस्था में तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया
घटना के बाद दुकान संचालक और परिजन पुलिस को सूचना देने में देरी कर रहे थे और शव को बिना पोस्टमार्टम के दफनाने की तैयारी में थे। इस बीच किसी ने चांपा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा।
बिजली सुरक्षा मानकों की अनदेखी
पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हादसे के समय बिजली सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। चांपा थाना प्रभारी ने कहा कि जांच जारी है और यदि लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



