
पुरानी रंजिश में घर में घुसकर युवक से मारपीट, Police ने आरोपी और अपचारी बालक को दबोचा
दुर्ग। थाना सुपेला क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। देर रात घर में घुसकर लोहे के चापड़ से धमकाने और युवक के साथ मारपीट करने वाले आरोपी व एक अपचारी बालक को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे का चापड़ और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गाली-गलौज, धमकी और चापड़ से दहशत
पीड़िता ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे दो युवक गाली-गलौज करते हुए उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने दरवाजे पर लात मारकर तोड़ दिया और घर के अंदर घुसकर मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए बेटे सागर को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी अपने हाथ में लोहे का चापड़ लहराते हुए डराने लगे और सागर को दौड़ाकर हाथ-मुक्कों से जमकर पीटा, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़िता द्वारा बचाव-बचाव की आवाज लगाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तभी दोनों आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (CG 07 CJ 1478) से फरार हो गए।

पुराने अपराधों में भी रहा है शामिल आरोपी
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी जय कुमार रेड्डी एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि जय कुमार रेड्डी पहले भी गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका है।
- थाना पुरानी भिलाई में बलवा व दोहरे हत्या का मामला।
- थाना खुर्सीपार में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज।
इन धाराओं में मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 324(2), 331(6), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



