
DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड, लव ट्रैप… 2.5 करोड़ की ठगी और खुफिया जानकारी लीक करने का आरोप
रायपुर/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा (DSP Kalpana Verma) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन के साथ संबंधों को लेकर गंभीर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के आरोप हैं। सरकार द्वारा कराई गई उच्च स्तरीय जांच की रिपोर्ट में डीएसपी के खिलाफ कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
क्या है पूरा मामला?
रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा पर ‘लव ट्रैप’ में फंसाकर करीब 2.5 करोड़ रुपये की ठगी, ब्लैकमेलिंग और जबरन होटल अपने नाम कराने का आरोप लगाया था। कारोबारी का दावा था कि डीएसपी ने उससे नकदी के अलावा हीरे की अंगूठी, लग्जरी कार और महंगे गहने लिए हैं। इसके जवाब में डीएसपी ने आरोपों को निराधार बताते हुए इसे पारिवारिक व्यापारिक विवाद बताया था।

1475 पन्नों की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
राज्य सरकार के निर्देश पर एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारियों ने इस मामले की गहन जांच की। करीब 1475 पन्नों की इस विस्तृत रिपोर्ट में डीएसपी और कारोबारी के बीच हुई व्हाट्सएप चैट के प्रमाण मिले। जांच में सामने आया कि:
- खुफिया जानकारी लीक: डीएसपी ने विभाग की संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां (संभावित रूप से नक्सल ऑपरेशन्स से जुड़ी) कारोबारी के साथ साझा की थीं।
- वित्तीय अनियमितता: अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने और आय से अधिक संपत्ति (अनुपातहीन संपत्ति) अर्जित करने के प्राथमिक साक्ष्य मिले हैं।
- पद का दुरुपयोग: जांच में दिए गए बयानों और साक्ष्यों में भारी विरोधाभास पाया गया, जो सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के विरुद्ध है।
निलंबन के दौरान मुख्यालय
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन की अवधि में डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय (PHQ), नवा रायपुर तय किया गया है। उन्हें नियम के तहत केवल जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और वे बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगी।
खाकी पर लगे दाग से विभाग में हड़कंप
साल 2017 बैच की डीएसपी कल्पना वर्मा और दीपक टंडन का यह विवाद पिछले कई महीनों से सुर्खियों में था। कारोबारी ने सीसीटीवी फुटेज और चैट हिस्ट्री जैसे कई डिजिटल साक्ष्य पुलिस को सौंपे थे। इस हाई-प्रोफाइल निलंबन के बाद अब पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उनके खिलाफ विभागीय जांच (DE) के साथ आपराधिक मामला भी दर्ज हो सकता है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



