
नक्सल मोर्चे पर दोहरी सफलता: हिडमा-राजे समेत 6 नक्सली ढेर, वहीं आंध्र पुलिस ने 31 माओवादी को किया गिरफ्तार
बस्तर/आंध्र प्रदेश। छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश सीमा के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले के मारेदुमिल्ली इलाके में स्पेशल ग्रेहाउंड फोर्स ने बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों ने भारी मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा, उसकी पत्नी राजे, सब जोनल कमेटी मेंबर टेक शंकर समेत कुल 6 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इस ऑपरेशन के बाद नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

इसी दौरान आंध्र प्रदेश पुलिस को नक्सल मोर्चे पर एक और बड़ी सफलता मिली है। लगातार निगरानी और मजबूत इंटेलिजेंस इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने 31 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 9 लोग केंद्रीय समिति सदस्य देवजी के सुरक्षा गार्ड हैं, जबकि बाकी 22 PLGA और साउथ बस्तर जोनल कमेटी के सक्रिय सदस्य हैं।

आंध्रप्रदेश से 31 नक्सली गिरफ्तार
इंटेलिजेंस एडिशनल DGP महेश चंद्र ने बताया कि आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा, NTR जिला, कृष्णा जिला, काकीनाडा, एलुरु और आसपास के इलाकों में इन माओवादियों को पकड़ने की कार्रवाई की गई है। ये आरोपी प्रदेश में दोबारा नक्सल मूवमेंट को सक्रिय करने और शरण लेने की कोशिश कर रहे थे, जिस पर पुलिस की लगातार कड़ी नजर थी।

नक्सलियों के तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी
DGP के अनुसार, आज की कार्रवाई उसी लंबी निगरानी का परिणाम है। कई नक्सली मुठभेड़ स्थल से फरार हुए हैं, जिनकी तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है। पुलिस का दावा है कि शेष नक्सलियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह संयुक्त कार्रवाई नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों की बड़ी जीत मानी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



