
धान खरीदी में ‘डिजिटल’ धांधली: घर बैठे टोकन सत्यापन कर रहे थे नोडल पटवारी, SDM ने दो को किया सस्पेंड
पखांजूर | छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन चल रहा है और कुछ सरकारी कर्मचारी इसे ‘पिकनिक’ समझ बैठे हैं। पखांजूर में दो पटवारियों को लगा कि वे तकनीक के युग में इतने आगे निकल गए हैं कि उन्हें खरीदी केंद्र जाने की जरूरत ही नहीं है। बस क्या था, घर बैठे-बैठे ‘हवाई’ सत्यापन शुरू कर दिया, लेकिन एसडीएम साहब की नजर से नहीं बच पाए।

ID बांटी और खुद हो गए ‘फरार’
ये मामला पखांजूर के चारगांव और उदनपुर केंद्रों का है। यहाँ के नोडल पटवारी आशीष पवार और आकाश कश्यप ने ‘आउटसोर्सिंग’ का नया तरीका निकाला। उन्होंने अपनी सरकारी आईडी और पासवर्ड दूसरों को दे दिया कि— “तुम एंट्री करते रहो, हम आराम करते हैं।”
पुराने बोरों से ‘नया’ खेल
इतना ही नहीं, प्रशासन की आँखों में धूल झोंकने के लिए इन्होंने क्रिएटिविटी की हद पार कर दी। मौके पर जाने के बजाय, समिति में रखे पुराने बोरों की फोटो खींची और सिस्टम पर अपलोड कर दी। मतलब— नया टोकन, पुराना बोरा और जीरो भौतिक सत्यापन!
जब ‘डिजिटल स्मार्टनेस’ पर भारी पड़ा सरकारी डंडा
जैसे ही एसडीएम पखांजूर को इस ‘वर्क फ्रॉम होम’ वाले घोटाले की भनक लगी, उन्होंने तत्काल एक्शन मोड में आते हुए दोनों को सस्पेंड (Suspend) कर दिया।

कार्रवाई का पंचनामा
अब ये दोनों ‘हवाई सत्यापन’ नहीं कर पाएंगे, इनका नया ठिकाना तहसील कार्यालय (कानून-गो शाखा) बना दिया गया है। दोनों पर सिविल सेवा नियम और धान खरीदी नीति की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगा है ।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



