
धीरेंद्र शास्त्री बाल-बाल बचे: दुर्ग में काफिले के सामने आया युवक, अचानक ब्रेक से गाड़ियां आपस में टकराईं
भिलाई/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। प्रसिद्ध कथावाचक पं. धीरेंद्र शास्त्री के काफिले के साथ एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दुर्ग में अचानक एक युवक के काफिले के सामने आ जाने से गाड़ियों को जोरदार ब्रेक लगाना पड़ा, जिसके चलते पीछे चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं।

इस दुर्घटना में पं. धीरेंद्र शास्त्री, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय समेत काफिले में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि हादसे में शास्त्री जी की डिफेंडर कार और दो इनोवा गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
अचानक गाड़ी के सामने आया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफिला जैसे ही आगे बढ़ रहा था, उसी दौरान अचानक एक युवक गाड़ी के सामने आ गया। स्थिति को संभालने के लिए चालक ने तुरंत ब्रेक लगाया, लेकिन पीछे चल रही गाड़ियां संतुलन नहीं बना सकीं और आपस में भिड़ गईं।

सभी सुरक्षित, कोई गंभीर घायल नहीं
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। काफिले में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद पं. धीरेंद्र शास्त्री ने भक्तों और आम लोगों से अपील की कि वे जल्दबाज़ी और जोखिम भरे कदम न उठाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



