February 24, 2026
Dhamtari में फर्जी CID अधिकारी गिरफ्तार

Dhamtari में फर्जी CID अधिकारी गिरफ्तार

Feb 23, 2026

स्कार्पियो पर ‘NATIONAL CRIME CONTROL ORG.’ बोर्ड लगाकर धौंस जमाता था, फर्जी आईडी से टोल टैक्स बचाता था
धमतरी (छत्तीसगढ़)। धमतरी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को CID अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ता था, डराने-धमकाने और अवैध लाभ उठाने की कोशिश करता था। आरोपी फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर रहा था और अपनी महिंद्रा स्कार्पियो पर “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का बोर्ड लगाकर घूमता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा, फर्जी आईडी बरामद
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में स्कार्पियो (CG 05 AU 6136) खड़ी कर खुद को CID अधिकारी बताकर लोगों पर धौंस जमा रहा है। वाहन पर “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखा बोर्ड और लोगो लगा हुआ था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया। तलाशी में उसके पास से दो फर्जी पहचान पत्र बरामद हुए, जिन पर “Crime Investigation Department” और “Crime Investigation Detective” अंकित था। प्रारंभिक जांच में ये दस्तावेज पूरी तरह फर्जी पाए गए।

कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, सितंबर 2025 में बनवाए फर्जी कार्ड
पुलिस ने जब शासकीय एजेंसी या वैधानिक नियुक्ति के प्रमाण-पत्र मांगे तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। कड़ी पूछताछ में उसने कबूल किया कि सितंबर 2025 में उसने फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे। वह ऑनलाइन भुगतान कर इनकी कथित वैधता बढ़वाता था और इसी के आधार पर टोल टैक्स से बचने तथा विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने का प्रयास करता था।

जब्त सामग्री: फर्जी आईडी, स्कार्पियो, आईफोन और अन्य मोबाइल

पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामग्री जब्त की:

  • 02 फर्जी आईडी कार्ड
  • “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड
  • महिंद्रा स्कार्पियो वाहन (CG 05 AU 6136)
  • iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित)
  • सैमसंग M12 मोबाइल (जियो व बीएसएनएल सिम सहित)

पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर खुद को सरकारी अधिकारी बताना और आम नागरिकों को भ्रमित कर अवैध लाभ लेने का प्रयास सिद्ध हुआ है।

मामला दर्ज, जेल भेजा गया; आगे की जांच जारी
थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत धारा 204, 205, 336(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को 21 फरवरी की रात गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारी बताते हैं कि मामले के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। फर्जी आईडी कार्ड तैयार करने और उपयोग में अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर धाराओं में वृद्धि कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix